लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जियामऊ में शुरु हुए कम्युनिटी किचन का निरीक्षण किया। मौके पर भोजन के डिब्बो को पैक कर रहे लोगों से वार्ता की और भोजन को स्वच्छता से बनाने, वितरण करने के निर्देश दिये। इस दौरान जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश उनके साथ ही रहे।
बता दें कि लखनऊ में लॉकडाउन के कारण जिला प्रशासन व नगर निगम की तरफ से 12 जगहों पर कम्युनिटी किचन शुरु किया गया है। इसमें नगर निगम कल्याण मण्डप जियामऊ, आवास विकास कल्याण मण्डप मिनी स्टेडियम राजाजीपुरम, नगर निगम कल्याण मण्डप महानगर, एलडीए सामुदायिक केन्द्र विराट खण्ड गोमतीनगर, नगर निगम कल्याण मण्डप आनन्द नगर (सीएमएस के सामने), एलडीए सामुदायिक केन्द्र चौक लोहिया पार्क, आवास विकास सामुदायिक केन्द्र ए-ब्लाक इन्दिरा नगर, नगर निगम कल्याण मण्डप औरंगाबाद बंगला बाजार रोड कम्युनिटी किचन शहरी क्षेत्र में है। शेष चार कम्युनिटी किचन मोहनलाल गंज तहसील परिसर, सरोजनीनगर तहसील परिसर, बक्शी का तालाब तहसील परिसर और मलिहाबाद तहसील परिसर ग्रामीण क्षेत्र में बनाये गये हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता से अपील की है कि इस वैश्विक महामारी से लड़ने में सभी अपना सहयोग दें। लोगों को उन्होंने आश्वस्त भी किया है कि प्रदेश में दूध, फल, सब्जी और अन्य आवश्यक वस्तुओं का पर्याप्त भंडार है। इसके लिए वे बाहर बिल्कुल न निकलें। सब कुछ उनके दरवाजे तक पहुंच जाएगा। राज्य सरकार इसका इंतजाम भी कर रही है। गुरुवार को कम्युनिटी किचन की ओर से डेढ़ लाख लोगों को भोजन पैकेट वितरित किया गया था।